शुक्रवार, 28 मार्च 2008

इंदौर संभाग में समर्थन मूल्य पर करीब सवा लाख क्विंटल गेंहू की खरीद

इंदौर संभाग में समर्थन मूल्य पर करीब सवा लाख क्विंटल गेंहू की खरीद
28 मार्च 08/राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर 100 रूपये प्रति क्विंटल का बोनस दिये जाने से समर्थन मूल्य पर गेंहू बेचने के प्रति किसानों में अभूतपूर्व उत्साह है। इंदौर संभाग में मात्र 27 दिन में ही एक लाख 20 हजार क्विंटल गेंहू की खरीदी समर्थन मूल्य पर की गयी है। जबकि गत वर्ष पूरे सीजन में मात्र 20 हजार क्विंटल गेहूं ही समर्थन मूल्य पर खरीदा गया था।
मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि गत वर्ष 800 रूपये प्रति क्विंटल के मान से गेंहू खरीदा गया था जबकि इस वर्ष एक हजार रूपये प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य है जिस पर राज्य शासन द्वारा सौ रूपये का बोनस भी दिया जा रहा है। इस दर से किसानों से बेचवाली के प्रति अभूतपूर्व उत्साह है। खरीदी का कार्य मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार एक मार्च से प्रारंभ किया गया। संभाग के प्रत्येक जिले को एफ.ए. क्यू. क्वालिटी का गेहूं खरीदी के निर्देश दिये गये हैं। प्रत्येक दिन की खरीदी की मानीटरिंग की जा रही है। अभी तक संभाग में कुल लगभग एक लाख 20 हजार 280 क्विंटल गेंहू की खरीदी निगम द्वारा की जा चुकी है। निगम द्वारा संभाग में 70 खरीदी केन्द्र बनाये गये हैं, ताकि किसान अपने नजदीकी केन्द्र पर आकर अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त कर सके एवं उनका बिचौलियों द्वारा शोषण आदि न हो। किसानों को खरीदी गई मात्रा का तत्काल भुगतान किया जा रहा है। निगम द्वारा सभी तहसील स्तर पर निगम के बैंक में खाते खोले गये हैं। साथ ही निगम द्वारा संभाग की समस्त सहकारी समितियों को भी एजेंट के रूप में नियुक्त किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं: