शुक्रवार, 27 जून 2008

जनरल मानेक शा साहस, वीरता, सैन्य कौशल और नेतृत्व की अद्भुत मिसाल

जनरल मानेक शा साहस, वीरता, सैन्य कौशल और नेतृत्व की अद्भुत मिसाल
मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा फील्ड मार्शल जनरल मानेक शा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त
संजय गुप्‍ता(मांडिल) मुरैना ब्‍यूरो चीफ 27जून08/मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने भारत के पहले फील्ड मार्शल जनरल सैम मानेक शा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री चौहान ने अपने शोक संदेश में कहा कि जनरल सैम मानेक शा का निधन देश की अपूरणीय क्षति है। श्री चौहान ने कहा कि सन 1971 के भारत-पाकिस्तान युध्द के नायक जनरल सैम मानेक शा भारत माता के ऐसे सपूत थे, जिन पर भारत माता सदियों तक गर्व करेगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पिछले हजार वर्ष के इतिहास में किसी युध्द में पहली विजय दिलाने के लिए देश हमेशा जनरल सैम मानेक शा का ऋणी रहेगा। जिन्होंने न केवल निर्णायक जीत का नेतृत्व किया बल्कि देश को उसका स्वाभिमान और सम्मान भी लौटाया। विश्व स्तर पर भारतीय सैन्य बल को नयी गरिमा दी और यह स्थापित किया कि भारत अपनी रक्षा करने में समर्थ है। श्री चौहान ने कहा कि सेनाध्यक्ष के रूप में वे साहस, नेतृत्व, वीरता, सैन्य कौशल और प्रेरणा की अद्भुत मिसाल थे। मैं उन्हें नमन करता हूँ।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति देने और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को वहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

कोई टिप्पणी नहीं: