शनिवार, 21 जून 2008

हटा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति अब सामान्य

हटा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति अब सामान्य
राहत शिविरों से लोग वापिस घर लौटने लगे
संजय गुप्‍ता(मांडिल) ब्‍यूरो चीफ मुरैना 21जून08/दमोह जिले में बीते चार दिवस से हो रही वर्षा के थमने से हटा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति सामान्य हो गई है। लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी एवं महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्री गंगाराम पटैल आज बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने हटा पहुँचे हैं। राज्यमंत्री श्री पटैल ने कहा कि बाढ़ से कोई जनहानि की खबर नहीं है। मकान क्षति एवं अन्य क्षति का सर्वे प्रारंभ कराया जा रहा है जिसके आधार पर राहत राशि का वितरण कराया जायेगा।
मौके पर उपस्थित कलेक्टर श्री आर.ए.खण्डेलवाल ने कहा कि बटियागढ़ और ढीवर में फंसे आठ-दस लोगों को सकुशल निकाल लिया गया है। कलेक्टर ने बताया कि हटा में बाढ़ प्रभावितों के लिये 10 राहत शिविर खोले गये थे, बाढ़ की स्थिति वर्षा के रूकने से सामान्य हो चुकी है और शिविर में शरण लिये लगभग दो हजार लोग अब अपने घरों को वापिस जा रहे हैं।
कलेक्टर ने कहा कि हटा, बटियागढ़ और पथरिया क्षेत्र के लगभग 20 गांव बाढ़ से प्रभावित हुआ है। हटा नगर भी प्रभावित हुआ है। राजस्व और कृषि विभाग के संयुत दलों से नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है।
कलेक्टर ने इस दौरान हटा एस.डी.एम. श्री आर.सी.मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री टी.के.विद्यार्थी, एस.डी.ओ.पी. हटा श्री राजीव रंजन तथा अन्य अधीनस्थ अधिकारियों के साथ हटा नगर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने राहत शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा प्रभावितों से रू-ब-रू हों भोजन व्यवस्था, पेयजल आदि के संबंध में जानकारी ली।
दमोह जिले में औसत 494 मि.मी. वर्षा दर्ज
जिले में इस वर्ष अभी तक 493.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। जो कि गत वर्ष इसी अवधि में हुई वर्षा से 438.7 मि.मी. अधिक है। गत वर्ष इस अवधि में 55.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई थी।
अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में सर्वाधिक वर्षा 889 मि.मी. पटेरा विकासखण्ड में दर्ज की गई है, सबसे कम 218.4 मि.मी. वर्षा तेन्दूखेड़ा में दर्ज की गई है।
जिले के अन्य विकासखण्ड दमोह में 466.6 मि.मी., हटा में 656 मि.मी., बटियागढ़ में 564 मि.मी., जबेरा में 256 मि.मी. और पथरिया में 407.4 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं: