शनिवार, 14 जून 2008

शहडोल बना प्रदेश का 10 वां संभाग

शहडोल बना प्रदेश का 10 वां संभाग
नया संभाग प्रगति का इतिहास लिखेगा : मुख्यमंत्री श्री चौहान, संभाग कीे संरचना विकास के लिए एक करोड़ रूपये देने की घोषणा
संजय गुप्‍ता(मांडिल) मुरैना ब्‍यूरो चीफ 14जून08/प्रदेश का दसवां संभाग शहडोल 14 जून से अस्तित्व में आ गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहां राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना पढ़कर शहडोल संभाग के शुभारंभ की विधिवत घोषणा की। नवगठित शहडोल संभाग में शहडोल, उमरिया, अनूपपुर तथा डिण्डौरी सहित चार जिले शामिल किये गये हैं।
शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने कहा कि शहडोल संभाग प्रगति का नया इतिहास लिखेगा और विकास तथा समध्दि के लिए पूरे देश में जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अंचल खनिज और वन संपदा से परिपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सम्पदाओं का युक्तियुक्त दोहन क्षेत्र की गरीब जनता के आथिर्क उत्थान के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहडोल संभाग के समग्र विकास मे कोई कसर नही छोड़ी जायेगी। श्री चौहान ने शहडोल संभाग के अधोसंरचना विकास हेतु एक करोड़ रूपये देने की घोषणा की और कहा कि आवश्यकतानुसार और भी राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने बुढ़ार उप तहसील को तहसील का दर्जा देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शहडोल जिला मुख्यालय में शासकीय पालीटेक्निक महाविद्यालय प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा की प्रदेश सरकार ने सर्वहारा वर्ग के कल्याण की योजनायें बनाकर क्रियान्वित की हैं। महिलाओं, गरीब, मजदूर, किसान, नि:शक्तजनों और युवाओं के तरक्की के लिए विषेश प्रयास किये गये हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत एवं सामाजिक न्याय मंत्री सुश्री कुसुम महदेले ने की। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा नर्मदा घाटी विकास राज्यमंत्री सुश्री मीना सिंह, शहडोल संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री दलपत सिंह परस्ते, जैसिंहनगर के विधायक श्री जयराम सिंह मार्को, सोहागपुर के विधायक श्री छोटेलाल सरावगी, विधायक श्री जयसिंह मरावी, श्री सुदामा सिंह और पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे!
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महिलाओं और बालिकाओं के सामाजिक, आथिर्क तथा शैक्षणिक विकास की योजनाओं तथा जीवन के हर पडाव पर मददगार कार्यक्रमों का विस्तृत ब्यौरा देते हुए कहा कि शिक्षित माता आने वाली एक पूरी पीढी को शिक्षित और संस्कारित करती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान खेती और किसानों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की चर्चा भी की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत एवं सामाजिक न्याय मंत्री सुश्री कुसुम महदेले ने महिलाओं के कल्याण के लिए द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी तथा उनका लाभ लेने हेतु महिलाओ से आगे आने का आव्हान किया। सुश्री महदेले ने कहा कि महिलाएं अपने उत्पीडन और भेदभाव से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए राज्य महिला आयोग की सेवाओं का फायदा उठा सकती है। सोहागपुर विधान सभा क्षेत्र के विधायक श्री छोटेलाल सरावगी ने विभिन्न आवश्यकताओं और समस्याओं के बाबत एक मांगपत्र मुख्यमंत्री श्री चौहान को दिया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिला सशक्तिकरण सम्मेलन कार्यक्रम के दौरान एक करोड़ 97 लाख रूपये की लागत से नवनिमिर्त विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। उन्होंने 6 करोड़ 58लाख रूपये की लागत वाली 27 नल जल योजनाओं का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम के दौरान लाडली लक्ष्मी योजना की पाँच हितग्राही बालिकाओं को चेक तथा शालाओं में पढ़ने वाली कन्याओं को प्रतीक स्वरूप गणवेश वितरित किये।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शहडोल जिले में 15 करोड़ रूपये लागत की विभिन्न परियोजनाओं की स्वीकृति देने की घोषणा की। उन्होंने जिले में गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले 392 परिवारों को स्वयं का आवास बनाने हेतु अपना घर योजना के तहत एक करोड़ 37 लाख रूपये, जल अभिषेक अभियान के अन्तर्गत 10 रपटा कम स्टाप डेम निर्माण हेतु तीन करोड़ रूपये, सामुदायिक भवनों के निमार्ण के लिए 60 लाख रूपये और हरियाली महोत्सव के लिए 10 करोड़ रूपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने शहडोल शासकीय पालिटेक्निक मैंदान में विभिन्न विकास विभागों द्वारा योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित विकास फोटो प्रदर्षनी का अवलोकन भी किया।

कोई टिप्पणी नहीं: