मंगलवार, 25 मार्च 2008

26 मार्च को स्थानीय अवकाश घोषित

26 मार्च को स्थानीय अवकाश घोषित
25 मार्च 08/राज्य शासन द्वारा भोपाल स्थित समस्त शासकीय कार्यालयों#संस्थाओं के लिये 26 मार्च रंगपंचमी बुधवार के दिन स्थानीय अवकाश की घोषणा की गई है।

फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली : रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में करें अवलोकन (त्रुटि हो तो दें आवेदन)

फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली : रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में करें अवलोकन (त्रुटि हो तो दें आवेदन)

25 मार्च 08/फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अवलोकन कार्यालयीन दिवसों और कार्यालयीन समय में जिले की सभी चारों विधानसभा क्षेत्रों के रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालय में कर सकते हैं। अवलोकन कर आप आश्वस्त हो सकते हैं कि आपका नाम, फोटो, पता आदि निर्वाचक नामावली में सही-सही है और यदि कहीं त्रुटि है तब आप कार्यालय में ही उपलब्ध आवेदन प्रपत्र में जानकारी भरकर त्रुटि सुधार के लिए दे सकते हैं। जांच उपरांत त्रुटि सुधार किया जायेगा। इस संबंध में आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आर.के. माथुर ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की बैठक में समीक्षा करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मतदाता सूचियों के सतत अद्यतनीकरण के कार्य की जानकारी देते हुए संयुक्त कलेक्टर और उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सुधीर कोचर ने बताया कि फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली संक्षिप्त पुनरीक्षण 2008 प्राप्त दावे, आपत्तियों के आधार पर मुद्रित मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 29 फरवरी को किया गया और तभी से मतदाता सूची अवलोकन के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 148 गोविंदपुरा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय तहसील हुजूर, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 149 भोपाल दक्षिण के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नजूल अधिकारी टी.टी. नगर कार्यालय, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 150 भोपाल उत्तर के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नजूल अधिकारी बैरागढ़ वृत्त और विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 151 बैरसिया के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अनुविभागीय अधिकारी बैरसिया के कार्यालय में मतदाता सूचियां अवलोकन के लिए उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का संक्षिप्त पुनरीक्षण माह जून 2008 में किया जायेगा।

मध्यप्रदेश के इतिहास में पहली बार पावर ट्रांसमिशन कम्पनी को उत्कृष्ट कार्य के लिये स्वर्ण शील्ड

मध्यप्रदेश के इतिहास में पहली बार पावर ट्रांसमिशन कम्पनी को उत्कृष्ट कार्य के लिये स्वर्ण शील्ड

केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री श्री सुशील कुमार शिन्दे द्वारा पुरस्कृत

25 मार्च 08/केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री श्री सुशील कुमार शिन्दे ने पिछले दिनों नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कम्पनी लिमि. को उत्कृष्ट कार्य करने के लिये सर्वोच्च पुरस्कार के रूप में स्वर्ण शील्ड प्रदान की है। प्रदेश के इतिहास में पहली बार पावर ट्रांसमिशन क्षेत्र में यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कम्पनी को तीन वर्ष की अल्पावधि में यह पांचवा पुरस्कार प्राप्त हुआ है। यह पुरस्कार कम्पनी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री आर.के. वर्मा ने प्राप्त किया। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कम्पनी लिमि. को यह पुरस्कार पीथमपुर में 220#132 केवी बिजली उपकेन्द्र में 160 एमवीए के अतिरिक्त ट्रांसफार्मर को स्थापित करने के त्वरित कार्य के लिये प्रदान किया गया है। इस अवसर पर योजना आयोग के सदस्य (ऊर्जा) श्री बी.के. चतुर्वेदी, केन्द्रीय ऊर्जा सचिव श्री अनिल राजदान और केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राकेश नाथ उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि विद्युत मंत्रालय के केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण द्वारा यह प्रतिष्ठित पुरस्कार स्वर्ण शील्ड के रूप में उन ट्रांसमिशन परियोजनाओं के लिये प्रदान की जाती है, जो कि निर्धारित लक्ष्य के पूर्व क्रियान्वित की गई हो।
मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कम्पनी लिमि. अपने गठन के पश्चात पूरे प्रदेश में बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क को सतत रूप से उत्कृष्ट ढंग से विस्तारित करने में जुटी हुई है। कम्पनी के उत्कृष्ट कार्य निष्पत्ति को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों द्वारा मान्यता प्रदान कर पुरस्कार प्रदान किये गये हैं। गत वर्ष कम्पनी को इंदिरा सागर जल विद्युत परियोजना से बिजली निकासी की ट्रांसमिशन लाईन के निर्माण कार्य को तेज गति से करने के लिये भारत शासन द्वारा रजत शील्ड प्रदान की गई थी। ट्रांसमिशन कम्पनी को इसके अलावा दो अन्तर्राष्ट्रीय और एक इण्डस्ट्रियल पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
कम्पनी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री आर.के. वर्मा ने इस उपलब्धि और निरंतर उत्कृष्ट कार्य निष्पत्ति के लिये कम्पनी के अधिकारियें एवं कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और कुशल कार्यक्षमता को श्रेय देते हुए सभी कर्मियों को बधाई दी है।
श्री वर्मा ने कम्पनी के अधिकारियों और कर्मचारियों का आव्हान किया है कि वे एशियाई विकास बैंक (ए.डी.बी.) से प्राप्त नये ऋण से प्रदेश के इतिहास के अब तक के सबसे बड़े ट्रांसमिशन सिस्टम विस्तारीकरण कार्यक्रम के त्वरित निष्पादन के लिये जुट जायें। ट्रांसमिशन कम्पनी के लिये यह एक विशाल और महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि इस कार्य के पूर्ण हो जाने से प्रदेश में सिर्फ दो वर्ष में ही ट्रांसमिशन क्षमता 8500 मेगावाट तक पहुँच जायेगी। इस कार्य के सफल क्रियान्वयन से मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कम्पनी लिमि. की पावर ट्रांसमिशन के क्षेत्र में राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बन जायेगी।

पंचायतों के उपनिर्वाचन के लिए मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम जारी

पंचायतों के उपनिर्वाचन के लिए मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम जारी

25 मार्च 08/मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतो में उपनिर्वाचन के लिए मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। ये मतदाता सूची एक जनवरी 2008 की संदर्भ तारीख के आधार पर तैयार होगी।
ये मतदाता सूचियां उन पंयायतो के लिये तैयार किया जाना है जिनका कार्यकाल जून-जुलाई 2008 को समाप्त हो रहा है। इसके अलावा नवगठित पंचायत या 31 मार्च तक रिक्त पंच, सरपंच, जनपद पंचायत, सदस्य, जिला पंचायत सदस्य के पद की पूर्ति के लिए उपनिर्वाचन होना है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची तैयार करने के कार्यक्रम के अनुसार प्रारंभिक (प्रारूप) मतदाता सूची 8 अप्रैल को तैयार की जायेगी। जिसका मुद्रण 15 अप्रैल को किया जायेगा।
प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन तथा दावे एवं आपत्तियों प्राप्त करने का कार्य 23 से 30 अप्रैल तक किया जायेगा। ग्राम पंचायतवार अनुपूरक सूचियाँ 8 मई तक तथा अनुपूरक सूचियों का टंकण अथवा मुद्रण तथा अनुपूरक सूचियों मूल (प्रारंभिक) सूचियों के साथ 12 मई तक जोड़ी सकेंगी।
मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा 14 मई को किया जायेगा। मतदाता सूची विक्रय के लिए 15 मई से उपलब्ध रहेंगी।

छात्रावास-आश्रम एवं योजनाओं की आवंटित राशि का शत-प्रतिशत उपयोग के निर्देश

छात्रावास-आश्रम एवं योजनाओं की आवंटित राशि का शत-प्रतिशत उपयोग के निर्देश

आवंटित राशि लेप्स होने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही होगी

25 मार्च 08/आदिवासी विकास विभाग द्वारा छात्रावास-आश्रम, अनुदान, उत्कृष्टता शिक्षा केन्द्र एवं छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत पृथक आवंटन का शत-प्रतिशत उपयोग करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये गये हैं। योजनाओं के क्रियान्वयन में पर्याप्त रुचि लेने तथा आवंटित राशि से लाभान्वित होने वाले विद्यार्थी सुविधाओं से वंचित न रहें यह सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये गये हैं। इस संबंध में आयुक्त आदिवासी विकास श्री जयदीप गोविंद ने समस्त सहायक आयुक्त आदिवासी विकास तथा जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग को निर्देशित किया है कि योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन किया जाये तथा आवंटित राशि का शत-प्रतिशत उपयोग किया जाये। आवंटित राशि लेप्स होने पर संबंधित के विरुध्द सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी।

पदोन्नति

पदोन्नति

25 मार्च 08/राज्य शासन ने पांच वाणिज्य कर निरीक्षकों को सहायक वाणिज्य कर अधिकारी के पद पर पदोन्नत किया है। इन पदोन्नत अधिकारियों की नवीन पदस्थापना भी की गई है।
शासन द्वारा जारी पदोन्नति आदेश के अनुसार वाणिज्य कर निरीक्षक श्री बहादुर सिंह ठाकुर को नौगाँव वृत्त से सहायक वाणिज्य कर अधिकारी जबलपुर वृत्त-3, श्री प्रेमनारायण कछावा ग्वालियर वृत्त-3 को सहायक वाणिज्य कर अधिकारी मुरैना वृत्त-1, श्री कैलाश चन्द्र माहेश्वरी इंदौर वृत्त-9 को सहायक वाणिज्य कर अधिकारी इंदौर वृत्त-8, श्री श्यामलाल पुरोहित इंदौर वृत्त-8 को सहायक वाणिज्य कर अधिकारी धार वृत्त-2 तथा वाणिज्य कर निरीक्षक श्री रमेश चन्द्र जैन इंदौर वृत्त-11 को पदोन्नति के पश्चात सहायक वाणिज्य कर अधिकारी इंदौर वृत्त-4 पदस्थ किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान का दौरा कार्यक्रम

मुख्यमंत्री श्री चौहान का दौरा कार्यक्रम

25 मार्च 08/मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार 26 मार्च 2008 की सुबह वायुयान से भोपाल से इन्दौर जायेंगे। मुख्यमंत्री इसी दिन दोपहर में भोपाल लौट आयेंगे।